अमेजन प्राइम वीडियो पर तूफान की स्ट्रीमिंग से पहले टीजर, ट्रेलर और कुछ गानों में फिल्म की जो झलकियां दिखी थीं वो वाकई बहुत लाजवाब थीं. यही वजह है कि भाग मिल्खा भाग के करीब आठ साल बाद तूफान को लेकर राकेश ओमप्रकाश मेहरा और फरहान अख्तर की जोड़ी ने बहुत उम्मीद पैदा कर दी थी. लेकिन वो कहते हैं ना- हजारों ख्वाहिशें ऐसी कि हर ख्वाहिश पे दम निकले. अफसोस की ख्वाहिशों के बावजूद मास्टरपीस भाग मिल्खा भाग के सामने तूफान किसी भी कैटेगरी में कहीं नहीं ठहरती. अंत में तूफान में बहुत सारे किंतु-परंतु बचे रह जाते हैं.
किंतु-परंतु इसलिए बच रहे हैं कि तूफान में गुंजाइश की कोई कमी नहीं थी. स्पोर्ट्स ड्रामा में एक भरपूर मनोरंजक कहानी थी. मगर गैरजरूरी हादसों में फंस गई. इसने फिल्म की आत्मा को ही कमजोर कर दिया. फिर क्या फर्क पड़ता है कि फरहान अख्तर, परेश रावल और मृणाल ठाकुर ने बढ़िया एक्टिंग की. विजय राज ने या कुछ दूसरे सितारों ने भी अच्छा काम किया. या फिर राकेश मेहरा ने तूफ़ान को ठीक-ठाक शूट किया. अगर कहानी ही बिखर गई तो उसे फिल्म के संपादन से ही कितना बांधा जा सकता है? एक ठोस कहानी के बिना बाकी चीजों का कोई मतलब नहीं रह जाता है. याद करिए अभिषेक बच्चन की रन जिसमें विजय राज ने हिंदी का सबसे दिलचस्प और मनोरंजक कॉमिक किरदार निभाया. मगर उनके सीक्वेंस को छोड़ दिया जाए तो फिल्म में कुछ बचता ही नहीं है.
तूफ़ान बरबस आमिर खान की गुलाम, अजय देवगन की जिगर के अलावा बायोपिक मोहम्मद अली की याद दिला जाती है. लगता है कि इन तीनों फिल्मों के मसाले में सियासत की मौजूदा डिबेट का छौंका लगाकर मुंबई का काल्पनिक मोहम्मद अली खड़ा करने की कोशिश की गई. लेकिन नतीजा बिल्कुल प्रभावी नहीं है. ये तो डोम्बीवली के एक बॉक्सर अजीज अली यानी लावारिस अज्जू मियां की भी कहानी ठीक से नहीं बन पाती. अज्जू गुंडई और वसूली करता है. उसकी जिंदगी का इतना ही भौकाल है. दूसरा कोई बड़ा मकसद नहीं. मकसद मिलता है तो वो वसूली करने से बॉक्सिंग रिंग तक पहुंच जाता है. शुरू में ही कहानी का मजमून साफ हो जाता है....
अमेजन प्राइम वीडियो पर तूफान की स्ट्रीमिंग से पहले टीजर, ट्रेलर और कुछ गानों में फिल्म की जो झलकियां दिखी थीं वो वाकई बहुत लाजवाब थीं. यही वजह है कि भाग मिल्खा भाग के करीब आठ साल बाद तूफान को लेकर राकेश ओमप्रकाश मेहरा और फरहान अख्तर की जोड़ी ने बहुत उम्मीद पैदा कर दी थी. लेकिन वो कहते हैं ना- हजारों ख्वाहिशें ऐसी कि हर ख्वाहिश पे दम निकले. अफसोस की ख्वाहिशों के बावजूद मास्टरपीस भाग मिल्खा भाग के सामने तूफान किसी भी कैटेगरी में कहीं नहीं ठहरती. अंत में तूफान में बहुत सारे किंतु-परंतु बचे रह जाते हैं.
किंतु-परंतु इसलिए बच रहे हैं कि तूफान में गुंजाइश की कोई कमी नहीं थी. स्पोर्ट्स ड्रामा में एक भरपूर मनोरंजक कहानी थी. मगर गैरजरूरी हादसों में फंस गई. इसने फिल्म की आत्मा को ही कमजोर कर दिया. फिर क्या फर्क पड़ता है कि फरहान अख्तर, परेश रावल और मृणाल ठाकुर ने बढ़िया एक्टिंग की. विजय राज ने या कुछ दूसरे सितारों ने भी अच्छा काम किया. या फिर राकेश मेहरा ने तूफ़ान को ठीक-ठाक शूट किया. अगर कहानी ही बिखर गई तो उसे फिल्म के संपादन से ही कितना बांधा जा सकता है? एक ठोस कहानी के बिना बाकी चीजों का कोई मतलब नहीं रह जाता है. याद करिए अभिषेक बच्चन की रन जिसमें विजय राज ने हिंदी का सबसे दिलचस्प और मनोरंजक कॉमिक किरदार निभाया. मगर उनके सीक्वेंस को छोड़ दिया जाए तो फिल्म में कुछ बचता ही नहीं है.
तूफ़ान बरबस आमिर खान की गुलाम, अजय देवगन की जिगर के अलावा बायोपिक मोहम्मद अली की याद दिला जाती है. लगता है कि इन तीनों फिल्मों के मसाले में सियासत की मौजूदा डिबेट का छौंका लगाकर मुंबई का काल्पनिक मोहम्मद अली खड़ा करने की कोशिश की गई. लेकिन नतीजा बिल्कुल प्रभावी नहीं है. ये तो डोम्बीवली के एक बॉक्सर अजीज अली यानी लावारिस अज्जू मियां की भी कहानी ठीक से नहीं बन पाती. अज्जू गुंडई और वसूली करता है. उसकी जिंदगी का इतना ही भौकाल है. दूसरा कोई बड़ा मकसद नहीं. मकसद मिलता है तो वो वसूली करने से बॉक्सिंग रिंग तक पहुंच जाता है. शुरू में ही कहानी का मजमून साफ हो जाता है. अज्जू को मकसद किस तरह मिलता है और वो बॉक्सिंग रिंग तक आखिर क्यों और कैसे पहुंचता है. उसका मकसद जुनून से होते हुए किस अंजाम तक पहुंचता है, इन बातों के लिए अच्छा होगा कि फिल्म देख ली जाए. राकेश ओमप्रकाश मेहरा के तूफ़ान की कहानी इतनी ही है जो किसी भी लिहाज से ठीक-ठाक, प्रेरक और आकर्षक कही जा सकती है.
लेकिन. इसी कहानी को इतना घुमा फिराकर और उसमें सियासत के पेंच फंसकर दिखाने की कोशिश की गई है कि किंतु-परंतु खड़े हो गए. नतीजे में कहानी लंबी और बिखरकर बेपटरी हो जाती है. तूफ़ान तो एक इंस्पायरिंग स्पोर्ट्स कहानी थी. राकेश मेहरा ने लगे हाथ समझा कि नायक मुसलमान है तो क्यों ना इसमें हिंदू-मुस्लिम और लवजिहाद की बहस रुमानी तरीके से घुसा लिया जाए. गलती यहीं हुई. तूफ़ान की कहानी हिंदू मुस्लिम बहस और लव जिहाद के लिए थी ही नहीं. अगर राकेश मेहरा को इसी फिल्म में यही बहस करना था तो उन्हें कहानी को नए सिरे से शाहरुख खान स्टारर 'चक दे इंडिया' की तरह लिखवाना था. या फिर तूफ़ान के लिए अलावा इस टॉपिक पर कोई दूसरी फिल्म ही बना लेते.
चक दे इंडिया में कहानी की मूल कथा और उसकी समानांतर उपकथाओं में गजब का संतुलन है. हिंदू मुस्लिम डिबेट भी है, खेल भी है और उसका रोमांच भी है. तूफ़ान में यही संतुलन गड़बड़ हो गया है. जब अज्जू मियां के कोच हनुमान भक्त नाना प्रभु के जरिए हिंदू-मुसलमानों के पारस्परिक रिश्तों की बात सामने आ ही रही थी तो क्या फर्क पड़ता है कि डॉ. अनन्या (मृणाल ठाकुर) फिल्म में डॉ. आसिफा होतीं. कोई फर्क नहीं पड़ता. इससे एक चीज बेहतर होती कि फिल्म की अनावश्यक लंबाई कम हो जाती. कहानी बिखरने से भी बच सकती थी. बचा क्या सिर्फ किंतु... लगता तो यही है कि निर्माता लवजिहाद के घोड़े पर सवार होकर निकलने की फिराक में थे. लेकिन एड़ी मारते ही गच्चा खा गए.
फिल्म हिंदू-मुस्लिम और लवजिहाद के टॉपिक पर अप्रभावी हुई ही, इसमें रिंग का रोमांच भी परदे पर नहीं उतारा जा सका है. याद कीजिए जो जीता वही सिकंदर, लगान, भाग मिल्खा भाग, मैरीकॉम, चक दे इंडिया, सुल्तान और दंगल जहां मैचों के दौरान दर्शकों की सांस थम जाती थी. तूफ़ान है तो स्पोर्ट्स ड्रामा और कई सारे बॉक्सिंग सीक्वेंस भी हैं मगर उन्हें देखते हुए वैसी सिहरन और झुरझुरी पैदा नहीं होती जैसा ऊपर बताई फिल्मों में दिखा था. ये फिल्म की सबसे बड़ी नाकामी है.
फिल्म की सबसे अच्छी बात कलाकारों का निजी प्रदर्शन है. फरहान, परेश रावल या विजय राज किस स्तर के अभिनेता हैं यह किसी को बताने की जरूरत नहीं है. तीनों का काम अच्छा है. किरदार में मृणाल ठाकुर की सहजता मन मोहने वाली है. दर्शन कुमार, हुसैन दलाल, सुप्रिया पाठक भी अपनी जगह ठीक हैं. कुछ गाने अच्छे लगते हैं. चूंकि कोविड के दौर में फ़िल्में नहीं हैं. ऐसे में कलाकारों के अभिनय और नई फिल्म देखने की इच्छा रखने वाले दर्शक इसे एक बार देख सकते हैं.
इस लेख में लेखक ने अपने निजी विचार व्यक्त किए हैं. ये जरूरी नहीं कि आईचौक.इन या इंडिया टुडे ग्रुप उनसे सहमत हो. इस लेख से जुड़े सभी दावे या आपत्ति के लिए सिर्फ लेखक ही जिम्मेदार है.